खाद्य निरीक्षक ने गेहूँ क्रय केंद्र का किया औचक निरीक्षण, मार्केटिग इंस्पेक्टर को लगाया फटकार
आजमगढ़ : सगड़ी तहसील क्षेत्र में बुधवार को संभागीय खाद्य नियंत्रक अधिकारी राजेश कुमार ने गेहूं क्रय केंद्र जीयनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां मिलीं। मार्केटिग इंस्पेक्टर संतोष यादव की जमकर क्लास ली। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि रजिस्टर आदि तत्काल अपडेट कर व गेहूं खरीद का पैसा किसानों के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से ही ट्रांसफर करें। संभागीय खाद्य नियंत्रक अधिकारी सुबह जीयनपुर के गेहूं क्रय केंद्र पर आ धमके। उन्होंने गेहूं खरीद का जायजा लिया और रजिस्टर पर कोटेदार द्वारा उठान तथा गेहूं खरीद की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने स्टैंसिल, बोरों की गांठें व चेकबुक और खातों को भी चेक किया। इस पर मार्केटिग इंस्पेक्टर ने बताया कि स्टैंसिल व 12 बोरा गांठ उपलब्ध है। जब नियंत्रक अधिकारी ने मार्केटिग इंस्पेक्टर से रजिस्टर मांगा तो उसमें कोई भी एंट्री दर्ज नहीं की गई थी। इससे नाराज अधिकारी ने मार्केटिग इंस्पेक्टर की क्लास ली और सभी चीजों को अपडेट करने का निर्देश दिया। कहा कि जो लोग अभी तक उठान नहीं करा सके हैं। उनका तत्काल उठान करवा दें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ अजमतगढ़ क्षेत्र में चार केंद्र किसानों की सुगमता के लिए बनाए गए हैं। जहां किसान सुगमता पूर्वक कहीं भी अपना गेहूं बेच सकता है। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से 15 जून तक किया जाएगा और सभी किसानों का रजिस्ट्रेशन के माध्यम से ही खरीद हो सकेगी। किसानों को 1840 रुपये प्रति क्विटल व 20 रुपये उतराई, सफाई के लिए प्रति क्विटल के हिसाब से दिया जाएगा। कुल प्रति क्विटल 1860 रुपये किसानों को भुगतान किए जाएंगे। 12000 क्विटल का लक्ष्य जीयनपुर विपणन केंद्र को दिया गया है।


No comments