Breaking Reports

महिला ने लगाई फांसी, ससुराल के सदस्य घर छोड़कर फरार



आजमगढ़ : मेंहनगर थाना क्षेत्र में  एक महिला ने संदिग्ध हालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
   मेंहनगर थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव निवासी 26 वर्षीय अनीसा पत्नी प्रेमलाल का किसी बात को लेकर मंगलवार को अपने ससुराल के लोगों से झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद उसके मायका पक्ष के लोग भी आ गए थे। कई घंटे तक दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। पंचायत में समझौता होने के बाद मायका पक्ष के लोग समझा-बुझाकर अपने घर चले गए थे। बुधवार की शाम को लगभग साढ़े पांच बजे उक्त महिला ने घर के अंदर संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव रस्सी के सहारे लटकता देख परिवार के लोग सन्न रह गए। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग भी आ गए। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस के साथ ही मायका पक्ष को दिया। महिला का मायका बरदह थाना क्षेत्र के नरवे गांव में स्थित है। उसकी शादी सात साल पूर्व हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस के आने से पूर्व ही ससुराल के सभी पुरुष सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


No comments