Breaking Reports

'निरहुआ' ने रोड शो के दौरान पत्थर फेंकने वालों के लिए जिलाधिकारी से की खास गुजारिश



आजमगढ़ : जिले की सदर लोकसभा सीट से सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ भाजपा से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद भोजपुरी सुपर स्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' 8 अप्रैल सोमवार को रोड शो कर रहे थें। इस दौरान 'निरहुआ' का काफिला शाम 3.45 बजे जिले के तरवां बाजार के उमरीपट्टी गांव में पहुंचा तो ग्रामीणों ने काफिले को रोकने की कोशिश की। यह देख कर पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद ग्रामीण 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' और 'निरहुआ तुम वापस जाओ' के नारे लगाने लगे। उधर, यह देख कर काफिले में शामिल भाजपा के समर्थकों ने ग्रामीणों को अपशब्द कहे। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस और 'निरहुआ' के काफिले पर पथराव किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद 'निरहुआ' के काफिले को गांव से बाहर निकाल दिया। इस पत्थरबाजी में पुलिस ने तीन नामजद समेत 53 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसको लेकर 'निरहुआ' ने मीडिया के माध्यम से जिलाधिकारी से खास गुजारिश की कि रोड शो के दौरान पत्थर फेंकने में पकड़े गए लोगों को छोड़ दें। वह सब मेरे भाई हैं, मेरे दुश्मन नहीं हैं। उन लोगों को बहकाया गया है।

शहर स्थित बड़ा गणेश मंदिर में पूजा अर्चना करने हुए

    रोड शो के बाद से 'निरहुआ' ने वोटरों से मुलाकात का सिलसिला शुरु कर दिया है। 'निरहुआ' जिले में गांव-गांव जा कर लोगों से मिल कर अपने लिए जमीन तैयार कर रहे हैं। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का हर बच्चा अपने पैर पर खड़ा हो, किसी को भीख मांगने की जरूरत न हो। इसलिए कौशल विकास योजना से पीएम मोदी युवाओं को सामर्थ्यवान बना रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ गठबंधन के लोग पाकिस्तान से प्रेरित है और देश के बच्चों को पत्थरबाज बनाना चाहते हैं। इसलिए बच्चों को बहला कर रोड शो पर पत्थरबाजी कराई गई। 'निरहुआ' ने कहा कि रोड शो के दौरान की गई पत्थरबाजी से डर कर मैं भागने वाला नहीं हूं। यहां लोगों की सेवा और विकास करने आया हूं।
क्षेत्र के वोटरों से मिलते हुए

 'निरहुआ' ने कहा कि मीडिया के माध्यम से मैं आजमगढ़ के जिलाधिकारी से ये गुजारिश करता हूं कि रोड शो के दौरान पत्थर फेंकने में पकड़े गए लोगों को छोड़ दें। वह सब मेरे भाई हैं, मेरे दुश्मन नहीं हैं। उन लोगों को बहकाया गया है। 'निरहुआ' ने कहा कि मुझे विश्वास है कि अगर मैं उनके सामने जाऊं तो पत्थर फेंकने वाले लोग मुझे गले लगा लेंगे। 'निरहुआ' ने कहा कि मैं कहीं बाहर से नहीं आया हूं, आप सभी के पड़ोसी जिले गाजीपुर में ही मेरा घर है। आजमगढ़ में मेरी रिश्तेदारी है। ज्यादातर भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग मैंने आजमगढ़ में ही की है। मैं यहां पर जनता की सेवा करने के लिए आया हूं। 'निरहुआ' ने कहा कि फैसला जनता को करना होगा कि वो अपने बच्चे को पत्थरबाज बनना है या सामर्थ्यवान। 
  मुलायम सिंह का नाम लिए बिना 'निरहुआ' ने कहा कि ऐसे नेता को आजमगढ़़ ने जीताया है जो जीतने के बाद अपना प्रमाण पत्र भी लेने नहीं आए। जनता का विकास क्या करेंगे। जनता उन्हें जवाब देगी।


No comments