विवाद सुलझाने गए पुलिस पर किया पथराव, चौकी प्रभारी को बनाया बंधक
आजमगढ़ : गंभीरपुर थाना क्षेत्र में अवैध कब्जा को लेकर हुए विवाद की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसओ व पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव किया तथा महिलाओं ने चौकी प्रभारी को बंधक बनाया।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अमौड़ा गांव निवासी लाली देवी पत्नी स्व. शिवलाल राम का अपने पट्टीदार कन्हैया पुत्र मिठाई राम से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस बाबत कोर्ट में मुकदमा भी विचाराधीन है। कन्हैया पक्ष के लोग सोमवार की रात लगभग नौ बजे विवादित भूमि पर कब्जा करने के इरादे से दीवार का निर्माण करा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया तो उनमें कहासुनी होने लगी। इस पर लाली ने फोन कर गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी को सूचना दिया। सूचना पाकर चौकी प्रभारी बंश बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गए। वह कन्हैया के पुत्र राजेश को पकड़ कर थाने लेकर जा रहे थे कि तभी कन्हैया पक्ष के दर्जनों लोग आ गए। उन्होंने राजेश को चौकी पर ले जाने का विरोध किया। इस पर पुलिस से नोक-झोंक होने लगी। इसी दौरान आक्रोशित महिलाएं व पुरुषों ने पुलिस पर पथराव करते हुए चौकी प्रभारी को बंधक बना लिया। चौकी प्रभारी के बंधक बनाए जाने की खबर पाकर गंभीरपुर थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अरविद पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसओ को देखते ही ग्रामीण उग्र हो गए और पथराव करते हुए उन्हें दौड़ा लिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देख इंस्पेक्टर व उनके साथ आए पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। दूसरे दिन इस घटना के संबंध में चौकी प्रभारी ने सरकारी कार्य में अवरोध करने व पुलिस पर पथराव करने के मामले में अमौड़ा गांव के 24 लोगों के खिलाफ नामजद व 16 अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।


No comments