भाजपा सांसद ने रोड शो कर दिखाई ताकत
आजमगढ़ : लालगंज संसदीय सीट की भाजपा प्रत्याशी व सांसद नीलम सोनकर ने अपने क्षेत्र में रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई। सांसद ने रोड शो दोपहर सवा दो बजे अपने गोद लिए लोहरा गांव से प्रारंभ किया। रोड शो सिकंदरपुर छितौनी होते हुए अतरौलिया पहुंचा। इस दौरान नीरज तिवारी की अगुवाई में लोगों ने रोड शो को मजबूती प्रदान की। इस बीच समर्थक ढोल-नगाड़े की धून पर खूब झूमे भी। 'मोदी-मोदी' के नारे के बीच रोड शो आगे बढ़ता रहा। आजमगढ़ संसदीय सदर सीट के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के सोमवार को हुए रोड शो की सफलता से उत्साहित भाजपाइयों ने दूसरे दिन थकान नहीं मिटाई, बल्कि मैदान में उतरकर दूसरी बार लालगंज संसदीय सीट से भाजपा की प्रत्याशी घोषित होने के बाद पहुंची नीलम सोनकर का जोरदार स्वागत किया।
रोड शो में लंबी गाड़ियों के काफिले के साथ ही जगह-जगह पुलिस बल मुस्तैद रही। जुलूस के संग चिकित्सा वाहन, बड़ी बस भी रही। सांसद नीलम सोनकर के वाहन के आगे 50 बाइक सवारों का भी जुलूस चल रहा था। निजामाबाद में रोड शो का समापन हुआ। इस दौरान लाउडस्पीकर पर समार्थकों ने भारत माता के खूब जयकारे लगाए। इस मौके पर विनोद राय, प्रेम प्रकाश राय, प्रभाकर तिवारी, जितेंद्र सिंह गुड्डू, रमाकांत मिश्र, विधायक अरुण कांत यादव, प्रेम सागर मोदनवाल, रणविजय चौहान, जिलेदार सिंह, हनुमंत प्रसाद सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।


No comments