मुठभेड़ के दौरान प्रतिबंधित मांस के साथ स्कॉर्पियो सवार एक पशु तस्कर गिरफ्तार
आजमगढ़ : सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान स्कार्पियो सवार एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य पशु तस्कर भागने में सफल हो गए। स्कार्पियों पर लदे दो क्विटल प्रतिबंधित मांस के साथ ही पुलिस ने तमंचा व कारतूस भी बरामद किया।
सरायमीर थानाध्यक्ष शेर सिंह तोमर को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर छाऊं गांव से स्कार्पियो पर प्रतिबंधित मांस लेकर उसे संजरपुर की ओर जा रहे हैं। उक्त सूचना पर सरायमीर थानाध्यक्ष अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ भोर में लगभग चार बजे खंडवारी नहर पुलिया के समीप घेराबंदी कर खड़े थे। उसी दौरान स्कार्पियो आते देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। घेराबंदी देख पशु तस्कर पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पशु तस्कर गाड़ी छोड़ पुलिस पर फायर कर भागने लगे। पुलिस ने भाग रहे एक पशु तस्कर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन अन्य भागने में सफल हो गए। तलाशी लेने पर पुलिस ने उक्त तस्कर के पास से तमंचा, कारतूस, गाड़ी पर लदे दो क्विटल प्रतिबंधित मांस बरामद किया। बरामद मांस का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे दफन करा दिया। पकड़ा गया तस्कर मकसूद पुत्र तिलठू उर्फ शब्बीर ग्राम फरिहां थाना निजामाबाद का निवासी बताया गया है। फरार तस्करों में सहजाद पुत्र शहाबुद्दीन ग्राम छाऊ थाना गम्भीरपुर, दानिश पुत्र गुड्डू व गुड्डू पुत्र अफजल ग्राम फरिहा का निवासी बताया गया है।


No comments