TikTok यूजर के लिए बुरी खबर, सरकार के निर्देश पर गूगल ने लिया एक्शन
पॉपुलर विडियो मेकिंग ऐप TikTok को बैन करने के मद्रास हाई कोर्ट के फैसले और दिए गए निर्देशों के बाद गूगल ने ऐप को ब्लॉक कर दिया है। अब यूजर्स इस ऐप को प्लेस्टोर से डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। सरकार की ओर से गूगल और ऐपल को निर्देश दिए गए थे कि टिकटॉक ऐप को उनके ऐपस्टोर से हटाया जाए। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मद्रास हाई कोर्ट के टिकटॉक एप पर प्रतिबंध लगाने के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। मद्रास हाई कोर्ट ने अश्लील सामग्री तक पहुंच होने की चिंताओं के चलते केंद्र सरकार को इस ऐप पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया था।
कोर्ट की ओर से फैसला सुनाते हुए कहा गया था कि यह ऐप बच्चों पर बुरा असर डालते हुए पॉर्नोग्राफी को बढ़ावा दे रहा है और यूजर्स को यौन हिंसक बना रहा है। अश्लील कंटेट ऐप पर शेयर करने का आरोप लगाते हुए इस ऐप के खिलाफ एक जनहित याचिका दायर की गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया। मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स ऐंड इंफॉर्मेशन टेक्नॉलजी का ऑर्डर इस ऐप के और डाउनलोड्स को रोकने में मदद करेगा। हालांकि, जिन लोगों ने पहले ही TikTok ऐप को डाउनलोड कर रखा है, वह अपने स्मार्टफोन पर इसका इस्तेमाल कर पाएंगे।
सूचना व प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, 'हाई कोर्ट ने सरकार से TikTok ऐप्लीकेशन के डाउनलोड्स को रोकने के लिए कहा है। मिनिस्ट्री, Google और Apple को अपने ऐप स्टोर से ऐप को डिलीट करने को कहकर इसे सुनिश्चित कर रहा है। सरकार की ओर से ऐपल और गूगल को पत्र लिखकर इस ऐप को हटाने को कहा गया है।' हालांकि, ऐपल ऐप स्टोर पर यह ऐप अभी तक अवेलेबल है, लेकिन गूगल ने तुरंत ऐक्शन लेते हुए इस ऐप को प्लेस्टोर से हटा दिया है।
गूगल ने एक बयान में कहा कि वह स्थानीय कानूनों का पालन करता है और ऐप पर कोई कॉमेंट नहीं करना चाहता।


No comments