Breaking Reports

विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, मां ने दहेज हत्या के तहत दर्ज कराया मुकदमा



आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : बरदह थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गयी। मृत महिला की मां ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।
     बरदह थाना क्षेत्र के देवापुर गांव निवासी स्व. मितराज बिद की 25 वर्षीय पुत्री गरिमा देवी की शादी चार वर्ष पूर्व फतुही गांव निवासी बृजेश बिद के साथ हुई थी। ससुराल के लोगों का कहना है कि शनिवार की रात को भोजन कर गरिमा अपने कमरे में सोने के लिए गयी और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जबकि परिवार के अन्य सदस्य मकान के छत पर सो रहे थे। रात को उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह परिजन सो कर उठे। काफी देर बाद भी जब गरिमा कमरे से बाहर नहीं निकली तो उसे जगाने के लिए परिवार के लोग गए। दरवाजा न खुलने पर छत के रास्ते से जब किसी तरह कमरे के अंदर घुसकर एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला तो गरिमा को मृत हालत में पड़ा देख सन्न रह गए। सूचना पाकर मृत महिला की मां गिरजा देवी के साथ ही सीओ लालगंज अजय यादव, बरदह थानाध्यक्ष राजेश उपाध्याय भी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर उन्होंने छानबीन शुरू कर दी। मृत महिला की मां ने दहेज न मिलने पर अपनी बेटी की जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया। बरदह थानाध्यक्ष का कहना है कि मां की तहरीर पर ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


No comments