वर्षो से खराब पड़ा हैण्डपंप, एक किमी दूर से पानी लाने को मजबूर
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : विकासखंड तरवां क्षेत्र के ग्राम पंचायत ऊंचहुआ जिले का अंतिम पूर्वी हिस्सा है। यहां से लगभग 2 किलोमीटर के बाद गाजीपुर जिला लगता है। इसी गांव में थाटा बनवासी बस्ती है। जिसमें कुल लगभग 14 परिवार मुसहर रहते हैं। जिसमें हर परिवार के सदस्य भट्ठा मजदूरी पर काम करते हैं। इस 14 परिवारों के बीच में एक जल निगम द्वारा लगाया गया हैंडपंप है जो 2016 से खराब पड़ा हुआ है।मुसहर समुदाय के लोग पानी के लिए गांव से लगभग 1 किलोमीटर दूर दूसरे समुदाय के बस्ती में जाते हैं जहां पर अन्य समुदाय के लोग पानी नहीं भरने देते हैं। कभी-कभी उनकी बाल्टी को मशीन से उठाकर दूर फेंक देते हैं और मशीन से भगा देते हैं। मूसहर समुदाय के लोगों ने परेशान होकर एक टूटी देशी हैण्डपंप लगवाया जो कि वह भी खराब हो गया और बरसात के दिनों में उस नल से कीड़े निकलने लगते हैं जो कि पीने योग्य नहीं रहता है। त्रस्त होकर लोगों ने खंड विकास अधिकारी तरवां को लिखित शिकायत किया। शिकायत करने के बाद भी ब्लॉक से कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद धीरेंद्र बनवासी पुत्र नारायण बनवासी ने 25 मई 2019 को जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सेक्रेटरी के द्वारा जांच किया गया लेकिन अभी तक कुछ नहीं हो पाया है। अंत में विवश होकर गांव के धीरेंद्र, विरेंद्र, नारायण, मंजू बनवासी, मुरारी देवी, बीरबल, शंकर बनवासी ने उच्च अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए हैंड पंप बनवाने की मांग की है।


No comments