चंद्रशेखर जी की विचारधारा का अलख जगाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी -निरहुआ
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : सोमवार को जिले के जहानागंज क्षेत्र के रामपुर में स्थित श्री चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट पर युवा तुर्क नेता व देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की 12वीं पुण्यतिथि प्रेरणा दिवस के रूप में मनाई गई।
इस दौरान मुख्य अतिथि भोजपुरी सुपरस्टार व आजमगढ़ लोकसभा सीट के प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ ने चंद्रशेखर जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने 'चंद्रशेखर जी अमर रहे, जब तक सूरज चांद रहेगा, चंद्रशेखर जी का नाम रहेगा' के उद्घोष किया। उद्घोष से परिसर गूंज उठा। समारोह को संबोधित करते हुए निरहुआ ने कहा कि चंद्रशेखर जी युगपुरुष थे। उनकी नीति व उनके विचार आज के परिवेश में भी प्रासंगिक हैं। वे ऐसे भारत का निर्माण करना चाहते थे जहां जाति, धर्म व संप्रदाय की कोई जगह न हो। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री व विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह ने सबसे पहले यहां ट्रस्ट बनाकर व उनकी मूर्ति लगाकर अपने राजनीतिक गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा दिखाई थी। चंद्रशेखर जी का जीवन प्रेरणा स्त्रोत है। उन्हें कुर्सी से नहीं बल्कि देश से प्यार था। चंद्रशेखर जी के विचारधारा की अलख जगाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। समारोह में रामवृक्ष यादव, अरुण सिंह, पंकज पासवान, रविद्र राय, अशोक पांडेय, दिलीप मिश्रा, दिवाकर सिंह आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता मुस्तफाबाद के प्रधान ओमप्रकाश सिंह ने की।


No comments