अधिकारी अपने गोद लिये हुए गांवों में करें भ्रमण
बृजभूषण रजक रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में राज्य पोषण मिशन के अन्तर्गत जिला पोषण समिति/जिला कन्वर्जेन्स समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों से कहा कि अपने गोद लिये हुए गांवों में भ्रमण करें तथा गांवों में जाकर 0-5 वर्ष तक के सैम तथा मैम बच्चों के संख्या, गांव की गर्भवती महिलाओं की गर्भवस्था की प्रथम त्रैमास में पंजीकरण आदि की जानकारी प्राप्त करें तथा निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराये गये चेकलिस्ट को भरकर जिला कार्यक्रम अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होने गांव गोद लिये हुए समस्त जनपदीय अधिकारियों से कहा कि गांव में जायें तो यह भी देखें कि सरकार द्वारा चलायी जा रही अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं (पात्र गृहस्थी, शुद्ध पेयजल, शौचालय, टीकाकरण आदि) का लाभ कुपोषित बच्चे के परिवार को मिल रहा है कि नही, यदि नही मिल रहा है तो योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि एक पोषण ऐप्प बनाकर गांव गोद लिये हुए अधिकारियों को उपलब्ध करायें तथा जब गांव गोद लिये हुए अधिकारी ग्राम में भ्रमण करेंगे तो पोषण ऐप्प पर पिक्चर भी अपलोड करेंगे। आगे उन्होने निर्देश दिये कि एसओपी के अन्तर्गत कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने के सम्बन्ध में संबंधित बिन्दुओं को निर्धारित प्रारूप में बनाकर गांव गोद लिए हुए अधिकारी को उपलब्ध करायें।
उन्होने समस्त गांव गोद लिए हुए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर उक्त निर्धारित प्रारूप में सूचना भरकर एक सप्ताह के अन्दर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला कन्वर्जेन्स समिति के अन्तर्गत 06 विभाग आईसीडीएस, पंचायजी राज, स्वास्थ्य, खाद्य एवं रसद, शिक्षा, ग्राम्य विकास के सभी संबंधित अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर गोद लिये हुए गांव को सुपोषित बनाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर सीडीओ आनन्द शुक्ला, सीएमओ डाॅ0 एके मिश्रा, डिप्टी सीएमओ डाॅ0 संजय, एसडीएम सदर प्रशान्त कुमार नायक, डाॅ0 परवेज अख्तर, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय, बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, डीआईओएस डाॅ0 वीके शर्मा, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, संबंधित गांव गोद लिए हुए जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



No comments