रोडवेज बस और कार में जबरदस्त टक्कर, माता-पिता और पुत्र की मौत
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : जिले में गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सेवानिवृत्त जवान समेत पत्नी और बेटे की मौत हो गयी। जबकि कार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीलमपुर छपरा निवासी सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त 48 वर्षीय हृदेश कुमार सिंह पुत्र सत्य नारायण सिंह शहर के करतालपुर में मकान बनाकर रहते थे।
गुरुवार को हृदेश कुमार सिंह अपनी पत्नी रंभा सिंह (45) और 18 वर्षीय पुत्र सौरभ सिंह के साथ कार से अपने पैतृक गांव में मां शकुंतला देवी से मिलने के लिए गए थे। कार को भीलमपुर छपरा निवासी 45 वर्षीय विजय कमार सिहं पुत्र स्व. देवव्रत सिंह चला रहे थे। रात 11 बजे लौटते वक्त मंदुरी हवाई पट्टी के पास आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही रोजवेज बस से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बेटे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से दो किलोमीटर आगे जा कर आरा मशीन के पास बस छोड़ फरार हो गया। हृदेश सिंह का बड़ा पुत्र शुभम बीटेक कर राजस्थान में नौकरी करता है। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।


No comments