नफरत पैदा कर जनता का ध्यान बुनियादी मुद्दों से हटा दिया गया
आजमगढ़ रिपोर्ट
आजमगढ़ : शुक्रवार को नेहरू हाल परिसर में समाजवादी पार्टी ने शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर तानाशाही और जनविरोधी नीतियों का आरोप हुए धरना दिया। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जनपद के कोने-कोने से काफिले के साथ सम्मिलित हुए।
पूर्व मंत्री समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व एमएलसी बलराम यादव ने धरने को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी व योगी की सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गयी है। विकास कार्य अवरूद्ध हैं। लोगों के बीच में नफरत पैदा कर जनता का ध्यान बुनियादी मुद्दों से हटा दिया गया है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। समाजवादी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है तथा फर्जी मुकदमों में फँसाया जा रहा है।
पूर्व मंत्री व सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम सीमा पर हैं। हत्या, लूट व बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। थानों पर जाति पूछकर रिपोर्ट दर्ज हो रही है। ब्लाक व तहसील भाजपा के दफ्तर बन गये हैं। गरीबों, पिछडे़ वर्ग व अल्पसंख्यको को दबंगों द्वारा पुलिस के सामने मारा पीटा जा रहा है। जंगलराज कायम हो गया है। जनपद में अखिलेश यादव जी की सरकार में जो विकास कार्य हो रहे थे सभी जहाॅ के तहाॅ ठप पड़े हैं। सिधारी का ओवरब्रिज, पुराना पुल के पास पुल का निर्माण, हरिऔध कला भवन, रोडवेज आदि का निर्माण पैसे के अभाव में पूर्ण नहीं हो पाया।
धरने को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने 36 सुत्रीय माँगों को पढ़कर सुनाया। माँगों में मुख्य रूप से प्रदेश में हो रहे गम्भीर अपराध, गरीबों, पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों पर हो रहे जुर्म बन्द करने की मांग की गयी। किसानों को उनकी लागत का उचित मूल्य मिले। डीजल, बिजली, खाद व कीटनाशक दवाएं मंहगी होने पर किसान परेशान हैं। जनपद में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। ईवीएम मशीनों से जनता का विश्वास उठ गया है चुनाव बैलेट पेपर से कराया जाय। पार्टी के वरिष्ठ मो0 आजम खान के ऊपर कई दर्जन मुकदमें दर्ज कर दिये गये। सोनभद्र व उन्नाव की घटना से आम लोगों का विश्वास सरकार से उठ गया है। जनपद में जाति पूछकर लोगों को परेशान किया जा रहा है। थाने व तहसील भाजपा नेताओं के दफ्तर बन गये हैं। बिना उनके कहने पर थानों पर रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है। विद्युत व्यवस्था चरमरा गयी है। महीनों-महीनों जले ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं। पिछड़े वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है।
धरने को विधायक आलमबदी आजमी, कल्पनाथ पासवान, डा0 संग्राम यादव, नफीस अहमद, राकेश यादव एमएलसी, रामआसरे विश्वकर्मा, डा0 रामदुलार राजभर, पूर्व विधायक वसीम अहमद, श्यामबहादुर सिंह यादव, बेचई सरोज, बृजलाल सोनकर, कमला प्रसाद यादव, अखिलेश यादव, जयराम पटेल, पूर्व सांसद दरोगा सरोज, बबिता चैहान, सपना निषाद, गौरी प्रजापति, लालमनि राजभर, वेदप्रकाश, दुर्ग विजय राम, गिरीश मौर्या, जगदीश राम, शम्भू चौहान, राजाराम सोनकर, रामआसरे चैहान, दामोदर प्रजापति आदि ने सम्बोधित किया।



No comments