आजमगढ़ में मिला चौथा कोरोना संक्रमित व्यक्ति, मरकज से लौटे लोगों के संपर्क में था
आजमगढ़ : निजामुद्दीन मरकज से लौटे तीन लोगों में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया एक अन्य युवक भी संक्रमित पाया गया है। उसका भी सैंपल लखनऊ भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट मंगलवार की सुबह आयी। यह युवक मुबारकपुर नगर पालिका के नयापुरा का निवासी है। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उस इलाके को सील करके जांच शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है। बड़े पैमाने पर लोगों की स्क्रीनिंग शुरू हो गई है। सैंपलिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें बनाई जा रही हैं। डीएम और एसपी भी मुबारकपुर पहुंचे और स्क्रीनिंग का जायजा ले रहे हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या भी बढ़कर चार हो गई है।
निजामुद्दीन मरकज से लौटे तीन लोगों में कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट तीन अप्रैल को आई थी। एक अप्रैल को एक मदरसे से राजकीय मेडिकल कॉलेज में क्वारंटाइन किए गए 16 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जिसमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव थी। तीन कोरोना पॉजिटिव में से एक भी आजमगढ़ का निवासी नहीं था। एक तेलंगाना, एक आंध्र प्रदेश व एक गाजियाबाद का रहने वाला है।

No comments