जमीनी विवाद में चली गोली, 7 घायल
मिली जानकारी के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र में राउतमऊ के खरभरन यादव का गांव के ही जितेंद्र सिंह से जमीनी विवाद चल रहा है। रविवार की शाम को लगभग चार बजे जितेंद्र पक्ष के लोग खेत की ट्रैक्टर से जोताई कर रहे थे। उसी दौरान खरभरन यादव के बगल में स्थित खेत की मेड़ कट गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट के दौरान एक पक्ष की ओर से किसी ने तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली का छर्रा लगने से 60 वर्षीय खरभरन यादव, उनकी 26 वर्षीय पुत्री सीमा यादव, 24 वर्षीय आशीष यादव, 18 वर्षीय अरुण यादव, 12 वर्षीय सोनम यादव, 8 वर्षीय मोना यादव, 25 वर्षीय रेनू देवी घायल हो गए। सभी घायलों को स्वजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हमलावर पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए। सिधारी पुलिस ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

No comments