हुक्का बार पर पुलिस की छापेमारी, कई युवक और युवतियां पुलिस हिरासत में
आजमगढ़ : शहर के हरवंशपुर में स्थित एक रेस्टोरेंट में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार का सिधारी थाने की पुलिस ने छापा मारकर भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से कई युवाओं को हिरासत में लिया है। इसमें कुछ युवतियां भी बताई जा रही हैं। छापेमारी को दौरान रेस्टोरेंट संचालक फरार हो गया है।
हरवंशपुर में स्थित विश्वकर्मा मंदिर तिराहे के सामने ब्रदर्स क्लब के नाम से संचालित रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था। सूचना मिलने पर सिधारी थाने की पुलिस के साथ ही शहर कोतवाली पुलिस की ओर से छापेमारी की गई। छापेमारी से बार में मौजूद युवक, युवतियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कई युवक और युवतियों को हिरासत में लिया है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि हुक्का बार संचालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
लगभग तीन माह पूर्व शहर कोतवाली पुलिस ने शहर स्थित दो रेस्टोरेंटों पर छापेमारी कर हुक्का बार के संचालन में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद भी शहर में हुक्का बार चल रहे हैं। यहां नशे की चपेट में कई युवा आ रहे हैं। जिले में हुक्का बार पर पुलिस की ये दूसरी कार्रवाई है।

No comments