22 ब्लाक प्रमुख पद के लिए 58 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
आजमगढ़ : जिले के 22 विकास खंडों के ब्लाक प्रमुख पद के लिए 10 जुलाई को मतदान होगा। जिसके लिए गहमा-गहमी के बीच नामांकन कार्य बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। इस दौरान दो ब्लाकों पर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच भिड़त भी हुई। 22 ब्लाकों के प्रमुखों के लिए कुल 58 प्रत्याशियों ने दावेदारी प्रस्तुत की है। ज्यादातर सीटों पर सपा और भाजपा के बीच ही मुकाबला होने की संभावना है। चार ब्लाकों के प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।
कुल 22 ब्लाकों में सर्वाधिक सात नामांकन रानी की सराय ब्लाक प्रमुख पद पर हुआ है। यहां भाजपा से विपिन सिंह, सपा से रूखसाना के अलावा निर्दल शहनवाज, अजय यादव, दीपक सिंह, बृजराज व सूर्यकुमार ने नामांकन किया है। इसके बाद पांच नामांकन पल्हनी प्रमुख पद पर हुआ है। भाजपा के संजय यादव व सपा से प्रमोद यादव के अलावा निर्दल संतोष यादव, मीरा यादव व कौशिल्या यादव ने नामांकन दाखिल किया है। मिर्जापुर ब्लाक में सपा ने प्रत्याशी नहीं उतारा है। यहां चार नामांकन हुआ है, जिसमें भाजपा से गीता जायसवाल के अलावा निर्दल फिरती देवी, रीता, हुमा व जीया शामिल है। वहीं मार्टीनगंज ब्लाक के लिए भी चार दावेदार सामने आए है। जिसमें भाजपा के यशवंत शर्मा, सपा के सर्वेश जायसवाल के अलावा निर्दल शिवओम यादव व आशा शामिल हैं।
चार ब्लाक पर सिर्फ एक-एक प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है, जिसका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। इनमें तरवां से भाजपा के मतानु राम, लालगंज से सपा की अमला देवी व फूलपुर से अर्चना यादव तथा ठेकमा ब्लाक से निर्दल दुर्गावती देवी शामिल है। अजमतगढ़ ब्लाक से भाजपा के मनीष मिश्रा व निर्दल अलका मिश्रा ने नामांकन किया है। दोनों पति-पत्नी हैं। अतरौलिया ब्लाक प्रमुख पद के लिए भाजपा के हर्षित सिंह व सपा के चंद्रशेखर यादव ने नामांकन दाखिल किया। अहरौला के लिए भाजपा से सुनीता राज, सपा से आशा यादव व निर्दल शाहीन बानो ने तथा कोयलसा ब्लाक से भाजपा की पूजा यादव, सपा के महेंद्र यादव व निर्दल इंदू यादव ने दावेदारी प्रस्तुत की है।
जहानागंज ब्लाक से भाजपा के रमेश कन्नौजिया व सपा की वीनस चौधरी ने पर्चा भरा है। पल्हना से भाजपा के अनुराग सिंह के अलावा निर्दल अस्मिता सिंह व सुभासपा के नीरज सिंह, पवई से भाजपा के वरूणकांत यादव व सपा के ओंकारनाथ यादव, बिलरियागंज से भाजपा की शुभ्रा राय, सपा की गीता यादव व निर्दल उर्मिला यादव, मेंहनगर से भाजपा की निर्मला देवी, सपा की शशिकला व निर्दल सुनीता ने नामांकन किया। मोहम्मदपुर ब्लाक से भाजपा के विजय विश्वकर्मा व सपा के प्रमोद चौहान, महराजगंज से सुनीता यादव व सपा से रामा देवी, सठियांव से भाजपा की सरिता सिंह व सपा की श्वेता यादव, हरैया से भाजपा के संदीप पटेल व सपा से सारिका पटेल ने नामांकन दाखिल किया। तहबरपुर से भाजपा ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। सपा से अनुराधिका व निर्दल विनीता यादव ने यहां नामांकन किया है।

No comments