Breaking Reports

नामांकन के दौरान भिड़े सपा व भाजपा के कार्यकर्ता, सपा नेता के पुत्र हैं भाजपा के प्रत्याशी


आजमगढ़ : पवई ब्लॉक पर नामांकन के दौरान भाजपा व सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात किया और सपा प्रत्याशी को दो बजे तक नामांकन नहीं करने दिया। इस दौरान भाजपा विधायक अरुणकांत यादव मौजूद थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा प्रत्याशी पर हमला कर दिया। पुलिस ने लाठियां भांज कर भाजपा कार्यकर्ताओं को किसी तरह हटाया और सपा प्रत्याशी को अंदर पहुंचाया।

पवई ब्लाक प्रमुख पद पर पूर्व सांसद व सपा नेता रमाकांत यादव के छोटे पुत्र व भाजपा विधायक अरुणकांत यादव के छोटे भाई वरुणकांत यादव भाजपा प्रत्याशी हैं। सुबह 11 बजे वे ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचकर अपना नामांकन किये।

सपा ने आरोप लगाया कि दोपहर 12 बजे सपा प्रत्याशी ओंकार यादव पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव व प्रस्तावक के साथ अपना नामांकन करने पहुँचे। तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला बोल दिया। जिससे उनका सिर फूट गया, इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं के उग्र तेवर को देखते हुए सीओ ने लाठीचार्ज करा दिया, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ता पीछे हटे और पुलिसकर्मी सपा प्रत्याशी को लेकर ब्लॉक पर पहुंचे, लेकिन उनके प्रस्तावक नहीं पहुंच सके।सपा प्रत्याशी के प्रस्तावकों को किसी तरह निजी बस में छिपकर ब्लाक मुख्यालय पहुंचना पड़ा।

इसके बाद सीओ फूलपुर जितेंद्र कुमार व उपजिलाधिकारी रावेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष पवई बृजेश सिंह ने अपने साथ ओंकार यादव व उनके प्रस्तावकों को लेकर पर्चा दाखिल कराया। घटना से सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। अभी इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और उपद्रव करने वालों की पहचान में जुटी है।

No comments