Breaking Reports

लोकतंत्र का गला घोंट हर तरफ हिटलर शाही हुकूमत चला रही भाजपा


आजमगढ़ : जहानागंज क्षेत्र के गोधौरा गांव में सोमवार को कांग्रेस ने पुलिसिया दमन के खिलाफ दलित पंचायत का आयोजन किया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सम्मिलित हुए। दलित पंचायत में भारी संख्या में भीड़ उमड़ी।


दलित पंचायत को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। हर तरफ हिटलर शाही हुकूमत चलाई जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी दलितों की आवाज को दबने नहीं देगी। हिटलरशाही हुकूमत के खात्मे तक गांव-गांव संघर्ष करती रहेगी।


उन्होंने कहा भाजपा सरकार में कानून नाम की कोई चीज नहीं रह गई है और न ही किसी हक की बात कहने का अधिकार है। देश को जाति-धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है। केवल भ्रामक प्रचार करके अपनी राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति की जा रही है। प्रदेश में जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायतों के चुनाव में लोकतंत्र का गला घोंटा गया। यदि अपने अधिकार की बात करना चाहता है तो उसके खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जाती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि दलितों की आवाज को दबने नहीं देंगे और भाजपा की तानाशाही हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करके इसे जड़ से समाप्त करेंगे।


पुलिस द्वारा आजमगढ़ के पलियां एवं गोधौरा गांव में महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ होता है, घर में लूट, तोड़फोड़ और दलित भाई-बहनों का दमन होता है। दलितों के साथ अपराध सबसे अधिक उप्र में होता है। सीएम योगी आदित्यनाथ दलितों के साथ अत्याचार करने वालों के सिपहसालार और संरक्षक बने हुए है। कांग्रेस पार्टी जब तक इन दलित भाइयों-बहनों को न्याय नहीं दिला देती तब तक कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेगा।

No comments