Breaking Reports

सड़क किनारे मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, प्रधान समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज


आजमगढ़ : महराजगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह गांव से 500 मीटर दूरी पर सड़क किनारे खून से लथपथ एक अधेड़ का शव मिला। जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के पुत्र ने ग्राम प्रधान समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के अशरफपुर बसारतपट्टी (बनगांव) ग्राम निवासी रणविजय सिंह (50) बुधवार की रात घर पर खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। परिजनों ने रात में उनकी तलाश भी की, लेकिन नहीं कोई खबर नहीं मिली। जब सुबह घर से पांच सौ मीटर दूरी पर ग्रामीणों ने रणविजय सिंह का शव खून से लथपथ हाल में देखा, तो परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन भागकर मौके पर पहुंचे तो शव देख सन्न रह गए। शरीर में सीने से गले तक चोट के निशान दिखाई पड़ रहे थे। ग्रामीणों की सूचना पर महराजगंज थाना पुलिस भी आ गई। 

मृतक के पुत्र प्रवेश सिंह उर्फ गोलू ने पिता की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। उसने ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। नामजद किए गए लोगों में हरिओम निषाद, अरविंद निषाद, ओम प्रकाश निषाद व रामदयाल निषाद शामिल है। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

No comments