Breaking Reports

महिला ने अपने ही तीन बच्चों को दिया जहर, चौथा बचकर भाग निकला

 


मऊ : जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां शुक्रवार को एक विधवा ने अपने 3 बच्चों और खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की कोशिश की। चौथा बेटा किसी तरह वहां से भाग निकला। जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुँच गये और गंभीर हालत में चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अंधेरी गांव निवासिनी विधवा सरोजा देवी ने अपने तीन बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। तीन माह पूर्व सरोजा के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद घर का व बच्चों का खर्च चलाना सरोजा के लिए काफी मुश्किल हो गया था। सरोजा के 4 बच्चे हैं। शुक्रवार की सुबह किसी बात को लेकर उसने अपने बच्चों करिया, नेहा और मोनू को कीटनाशक पदार्थ खिला दिया, जबकि चौथे बच्चे साहिल को जहरीला पदार्थ खिलाने की कोशिश की तो वह किसी तरह अपनी मां से हाथ छुड़ाकर भाग गया। उसी ने अपने पड़ोसियों को इस बात की जानकारी दी। तब आसपास के लोगों ने तीनों बच्चों और सरोजा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सरोजा समेत करिया, नेहा और मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है। इन्हें जिला अस्पताल के आईसीयू में रखकर उपचार किया जा रहा है।

घटना की सूचना पाते ही क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्र दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा ने बताया कि पति की मौत के बाद महिला काफी परेशान थी। फिलहाल सभी का उपचार  जिला अस्पताल में चल रहा है। महिला व एक बच्चें की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सक गहनता के साथ सभी का उपचार कर रहे हैं।

No comments