धान की खरीददारी के लिए परेशान किसानों ने किया सड़क जाम, एसडीएम ने कराया समाप्त
आजमगढ़ : धान क्रय केंद्र सिंहपुर धन्नी पर खरीद न होने से परेशान किसानों ने गुरेहथा गांव के समीप ट्रैक्टर ट्राली लगाकर रास्ता जाम कर दिया। इससे चंडेश्वर-खरिहानी मार्ग पर दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जाम को हटाने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं माने। एसडीएम मेंहनगर ने गांव में ही क्रय केन्द्र खोलकर धान खरीदे जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
धान खरीद में अनियमितता को लेकर सैकड़ों किसानों ने शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्राली पर लदे धान लेकर खरिहानी, कम्हरिया वाया चंडेश्वर मार्ग पर 10.30 बजे जाम कर दिया और सचिव पर एफआइआर के साथ बर्खास्तगी की मांग कर डाली। सड़क जाम की जानकारी मिलते ही सिंहपुर चौकी इंचार्ज सुभाष तिवारी ने मौके पर पहुंच कर किसानों से बातचीत की। जब लोग नहीं माने तो जाम की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। दो घंटे बाद उपजिलाधिकारी मेंहनगर प्रेमचंद्र मौर्य व नायब तहसीलदार शैलेंद्र चंद सिंह, सीओ लालगंज मनोज कुमार रघुवंशी, थाना प्रभारी विमल प्रकाश राय जाम स्थल पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने गुरेहथा गांव में क्रय केन्द्र खोलकर धान क्रय कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम समाप्त किया। जाम करने वालों में अरविद सिंह, सत्यवीर सिंह, पंकज सिंह, विनय सिंह, दीपक, अनिल रावत, विवेक कुमार दुबे, संजय पांडेय, राहुल सिंह, प्रभात सिंह, वीरेंद्र सिंह, दिव्यांश, अनुराग, पियूष सिंह, नन्दलाल, प्रदीप आदि उपस्थित रहे।
No comments