Breaking Reports

बांग्लादेश सीमा पर शहीद जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा घर, उमड़ा सैलाब



आजमगढ़ : जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र का रहने वाला जवान रविवार की रात बांग्लादेश सीमा पर सर्च आपरेशन के दौरान घुसपैठियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हो गया। आज मंगलवार की सुबह शहीद का पार्थिव शरीर उसके पैतृक आवास पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है।

बिलरियागंज के महुवी शेरपुर गांव निवासी 24 वर्षीय विवेक तिवारी पुत्र हरिनरायन तिवारी दो साल पूर्व सीमा सुरक्षा बल में तैनात हुआ था। उसकी पहली तैनाती जम्मू कश्मीर में हुई थी। सात माह पूर्व वह बांग्लादेश सीमा पर पंश्चिम बंगाल प्रांत में तैनात हुआ था। रविवार की रात विवेक तिवारी सीमा पर सर्च आपरेशन में शामिल था। इसी दौरान बांग्लादेशी घुसपैठियों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें गोली लगने से विवेक गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जाता कि इसके पूर्व ही विवेक की मौत हो गई। विवेक के शहीद होने की सूचना सोमवार को परिजनों को फोन पर मिली तो कोहराम मच गया। शहीद की पत्नी मनीषा सुधबुध खो बैठी है। शहीद जवान की अभी लगभग तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उनकी लगभग डेढ़ वर्ष की छोटी बच्ची है। शहीद जवान के पिता घर पर ही रहकर कृषि का कार्य करते हैं।

शहीद जवान का पार्थिव शरीर उसके पैतृक आवास पहुंचते कोहराम मच गया। अंतिम झलक पाने को होड़ लग गई। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। वहीं युवाओं की भीड़ भारत माता की जय का नारा लगा रही थी। इस सैलाब के बीच बीएसएफ वाहन से पार्थिव शरीर के ताबूत को मशक्कत के साथ जब जवानों ने जैसे भूमि पर रखा। सैनिकों ने जैसे ही अंतिम सलामी दी सभी आखें गर्व से नम हो गई।

No comments