एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा विधायक अरुणकांत यादव समेत 4 लोगों ने खरीदा नामांकन पत्र
आजमगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के विधायक अरुणकांत यादव ने एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को तीन सेटों में नामांकन पत्र खरीदा। जिले में भाजपा के इकलौते विधायक अरुणकांत इस बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। फूलपुर-पवई सीट पर उनके पिता रमाकांत यादव सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
अरूणकांत यादव फूलपुर-पवई विधानसभा सीट से जिले में भाजपा के इकलौते विधायक हैं। इस बार इसी सीट पर समाजवादी पार्टी ने उनके पिता रमांकात यादव को प्रत्याशी घोषित किया हैं। पिता के मैदान में उतरने के कारण अरूण कांत यादव ने इस सीट से विधानसभा का चुनाव न लड़ने की बात कही थी और उन्होंने विधान परिषद चुनाव लड़ने के संकेत दिए थे। जिसके बाद आज शुक्रवार को उन्होंने एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीदा है। हालांकि भाजपा, सपा और बसपा की ओर से अभी तक पार्टी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है।
आजमगढ़-मऊ विधान परिषद के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य शुक्रवार को शुरू हुआ। पहले दिन कुल चार लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा। जिसमें भाजपा विधायक अरुणकांत के अलावा बहुजन मुक्ति पार्टी से अंबरीश कुमार, गंभीरपुर थाना के निवासी सत्यम राय और सिधारी थाना क्षेत्र निवासी भूपेंद्र सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन पत्र खरीदा है।
No comments