आजमगढ़ उपचुनाव से पहले सपा को बड़ा झटका, पार्टी के पूर्व विधायक ने थामा भाजपा का दामन
आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक कल्पनाथ पासवान सोमवार को पांच साल बाद अपने पुराने घर भाजपा में लौट आए। शाहगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई है। उनके साथ ही बहुजन समाज पार्टी के सिकंदर कुशवाहा ने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया।
कल्पनाथ पासवान वर्ष 1991 के राम लहर में भाजपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव जीते थे। उसके बाद भाजपा से चुनाव लड़ते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। काफी लंबे समय तक भाजपा से जुड़े रहने के बाद उन्होंने वर्ष 2017 में सपा का दामन थाम लिया।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने कल्पनाथ पासवान का टिकट काटकर सीट सुभासपा को दे दिया था। सुभासपा ने इस सीट से पूजा सरोज को प्रत्याशी बनाया। जिससे वह काफी नाराज थे। सोमवार को जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शाहगढ़ में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे तो कल्पनाथ पासवान डिप्टी सीएम की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
No comments