Breaking Reports

माफिया कुंटू सिंह के सहयोगी की 17.41 लाख की संपत्ति कुर्क



आजमगढ़ : जिले की पुलिस ने सोमवार को कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ़ कुंटू सिंह के करीबी प्रदीप सिंह कबूतरा की लगभग 17.41 लाख की चल संपत्ति को कुर्क कर लिया। कुर्क की गई चल संपत्तियों में भाइयों के नाम क्रय की गई दो स्कार्पियो के अलावा रिश्तेदार के नाम से खरीदी गई एक बाइक शामिल हैं।

एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि तरवां थाना क्षेत्र के कबूतरा गांव निवासी प्रदीप सिंह कबूतरा के खिलाफ गैंगस्टर के तहत मुकदमा पंजीकृत है। जिसके तहत प्रदीप की अपराध से अर्जित संपत्ति का तरवां थाना पुलिस ने चिन्हिकरण किया गया। जिसके तहत ज्ञात हुआ कि 15 वर्ष पूर्व तक प्रदीप सिंह सामान्य आर्थिक क्षमता का व्यक्ति था लेकिन अपराध की दुनिया में आने के बाद काफी संपत्ति अर्जित किया। जिसे छुपाने के लिए उसने अपने भाइयों मनोज सिंह व अखिलेश सिंह के नाम से एक-एक स्कार्पियो लिया वहीं जहानागंज थाना के किशनपुर निवासी रिश्तेदार अमनकांत सिंह के नाम से एक बाइक खरीदी। उक्त तीनों चल संपत्तियों की कीमत लगभग 17,41,500 लाख आंकी गई।

प्रदीप सिंह आपराधिक मानसिकता का व्यक्ति और प्रदेश स्तर के माफिया कुंटू का सहयोगी व थाना तरवां का हिस्ट्रीशीटर है। उसके ऊपर वर्ष 2005 से वर्ष 2021 तक कुल 19 मुकदमे जनपद के विभिन्न थानों व लखनऊ के गोमतीनगर में पंजीकृत हैं। हत्या, चोरी, धोखाधड़ी व अवैध शराब के निर्माण व बिक्री से संबंधित गंभीर आरोप हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर तरवां थाना पुलिस व राजस्व विभाग की टीम ने सोमवार को प्रदीप सिंह कबूतरा के अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई दो स्कार्पियो व एक बाइक को जब्त कर लिया। 

 

No comments