Breaking Reports

सरफराज खान ने फिर खेली शानदार शतकीय पारी, शतक को अपने पिता को किया समर्पित



बेंगलुरु : बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मध्यप्रदेश (MP) और मुंबई (Mumbai) के बीच रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) का फाइनल (Final) जारी मैच है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मध्य प्रदेश की टीम ने 41 ओवर में एक विकेट खोकर 133 रन बना लिए हैं। इससे पहले मुंबई (Mumbai) की टीम ने अपनी पहली पारी में 374 रन बनाए। जिसमें मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान (Sarfaraz Khan) ने 134 रन की शानदार शतकीय पारी खेला। सरफराज ने अपने शतक को अपने पिता और कोच नौशाद खान को समर्पित किया। शतक जड़कर मुंबई को पहली पारी में 374 रन तक पहुंचाने वाले सरफराज भावुक हो गये।

सरफराज ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हमारी जिंदगी सब कुछ उन छोटे-छोटे सपनों के लिए हैं, जिन्हें हम संजोते हैं। सपने हम (वह और उनके पिता) साथ देखते हैं। मैंने मुंबई में वापसी के बाद से दो सीजन में जो 2000 के करीब रन बनाए हैं। वह सब मेरे अब्बू की वजह से है।’ जब कोई मैच नहीं होता, तो दोनों भाई अपने पिता की निगरानी में हर दिन 6 से 7 घंटे अभ्यास करते हैं। कुछ अनुशासनात्मक मुद्दों के कारण सरफराज को एक सीजन के लिए उत्तर प्रदेश जाना पड़ा और उन्होंने वापसी करने से पहले ‘कूलिंग ऑफ’ समय बिताया, जिसके बाद वह फिर मुंबई की टीम में चुने गए।

सरफराज खान ने कहा कि आप सब तो जानते हो मेरे साथ क्या हुआ। अब्बू ना रहते तो मैं खत्म हो जाता। उन्होंने कहा कि इतनी सारी समस्यायें थीं और जब मैं सोचता कि मेरे अब्बू इन सबसे कैसे निपटे, तो मैं भावुक हो जाता हूं। उन्होंने एक बार भी मेरा हाथ नहीं छोड़ा। मेरे भाई ने अपने फोन पर एक स्टेटस लगाया है और मैं देख सकता हूं कि अब्बू कितने खुश हैं। मेरा दिन बन गया।

सरफराज पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसक हैं, जिनकी हाल में एक गैंग ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सरफराज ने शतक जड़ने के बाद मूसेवाला के स्टाइल (जांघ पर हाथ मारकर) में जश्न बनाया। इस बारे में पूछने पर उन्होंने ने कहा कि यह सिद्धू मूसेवाला के लिए था। मुझे उनके गाने बहुत पसंद हैं और ज्यादातर मैं और हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर) उनके गाने सुनते हैं। मैंने इसी तरह का जश्न पिछले मैच के दौरान भी मनाया था, लेकिन तब इसे दिखाया नहीं गया था। मैंने फैसला किया था कि जब भी एक और शतक जड़ूंगा, इस तरह ही जश्न मनाऊंगा।

No comments