Breaking Reports

Lok Sabha By Election : कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ मतदान, 45.97 प्रतिशत हुआ मतदान



आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के इस्तीफे के बाद खाली हुई आजमगढ़ लोकसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ। शाम 5 बजे तक 45.97 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। हर बूथ पर सीएपीएफ की तैनाती की गई थी। कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसपी मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे।

 सदर संसदीय क्षेत्र में कुल 18 लाख वोटर हैं। 1149 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें से 75 फीसदी केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या नौ लाख 70 हजार 935 और महिला मतदाताओं की कुल संख्या आठ लाख 67 हजार 968 है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के आजमगढ़ सदर संसदीय सीट से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इसका रिजल्ट 26 जून को आएगा।

सुबह नौ बजे तक 9.21 फीसदी, 11 बजे तक 19.84 प्रतिशत, एक बजे तक 29.48 प्रतिशत मतदान हुआ था। दो बजे के बाद बदली होने पर मतदान में कुछ तेजी आई। शाम तीन बजे 37.82 प्रतिशत हुआ। शाम पांच बजे तक 45.97 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे।

इस उपचुनाव में कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से दिनेश लाल यादव निरहुआ, समाजवादी पार्टी (SP) से धर्मेंद्र यादव, बहुजन समाज पार्टी (BSP) से शाह आलम, अल हिंद पार्टी से अमरावती, जनता क्रांति पार्टी (राष्ट्रवादी) से जयनाथ उर्फ जयनाथ चौहान, प्रगतिशील समाज पार्टी से धीरज, मौलिक अधिकार पार्टी से रवींद्रनाथ शर्मा, सरवर पार्टी से सरवर अली, अंबरीष कुमार विजयता निर्दलीय, पंकज कुमार यादव निर्दलीय, रमाकांत यादव निर्दलीय, राजीव कुमार सिंह निर्दलीय एवं वीरेंद्र कुमार निर्दलीय के रुप में मैदान में है।


No comments