Breaking Reports

आजमगढ़ में सपा को बड़ा झटका, उपचुनाव से पहले रामदर्शन यादव ने थामा भाजपा का दामन

 


आजमगढ़ : लोकसभा उपचुनाव से पहले पूर्व विधायक व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रामदर्शन यादव ने शनिवार को समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है। मेंहनगर विधानसभा में आयोजित जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनके भाजपा में शामिल होने की घोषणा की और उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई।

1993 में रामदर्शन यादव समाजवादी पार्टी से मुबारकपुर विधानसभा के विधायक बने। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी से टिकट न मिलने से नाराज होकर उन्होंने सपा छोड़ दी और बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरे। हालांकि इस चुनाव में रामदर्शन यादव बसपा के प्रत्याशी शाहआलम उर्फ गुड्डू जमाली से मामूली वोटों से हारे गए। वर्ष 2014 मे जब लोकसभा चुनाव आया तो तत्कालीन सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए आए। इसी समय मुलायम सिंह यादव ने रामदर्शन यादव से संपर्क साधकर उन्हें मना लिया। जिसके बाद रामदर्शन यादव भाजपा का साथ छोड़कर फिर से अपने पुराने घर सपा में वापस आ गए। 

रामदर्शन यादव आजमगढ़ जिले के समाजवादी पार्टी में सबसे अधिक 18 वर्षों तक जिलाध्यक्ष के पद पर भी रहे। इस बीच वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी में छिड़ी जंग के बीच वे शिवपाल यादव की प्रसपा में शामिल हो गए। वे पहले प्रसपा के जिलाध्यक्ष और बाद में प्रदेश सचिव बने, लेकिन उनका मोह अब इससे भी भंग हो गया और वे पुनः एक बार फिर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इस मौके पर निरहुआ व अन्य लोगों ने भी मंच पर रामदर्शन यादव का जोरदार स्वागत किया। रामदर्शन यादव की गिनती दिग्गज नेताओं में होती है। उनकी मुबारकपुर विधानसभा में पकड़ को देखते हुए भाजपा को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।

No comments