Breaking Reports

स्वास्थ्य विभाग में तबादले में हुई गड़बड़ी पर सीएम योगी आदित्यनाथ सख्त, 2 दिन में मांगी रिपोर्ट



लखनऊ : उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में हुए तबादले को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कथित गड़बड़ियों का संज्ञान लिया और इस पूरे मामले की 2 दिनों के अंदर रिपोर्ट तलब की है। स्वास्थ्य विभाग में तबादलों को लेकर मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी और संजय भूसरेड्डी को रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी और संजय भूसरेड्डी को पूरे मामले में विवरण तैयार कर 2 दिनों में रिपोर्ट देनी है। बता दें कि पिछले दिनों सूबे के स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग में हुए डॉक्टरों के ट्रांसफर को लेकर पत्र लिखकर सवाल उठाए थे और कहा था कि उनकी जानकारी के बगैर यह सब हो गया। उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि इसमें तबादले नीति की अनदेखी की गई।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा था कि शासन का यह दायित्व है कि कोई भी काम नियम कानून के अनुसार हो, यदि ऐसा नहीं हुआ है तो उसे भी देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवाई जा रही है और अगर तबादलों में किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलती है तो सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments