Breaking Reports

आजमगढ़ मंडल के कमिश्नर का तबादला, मनीष चौहान होंगे आजमगढ़ के नए मंडलायुक्त



आजमगढ़ : उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आजमगढ़ मंडल के कमिश्नर का तबादला कर दिया है। वर्तमान आयुक्त विजय विश्वास पंत को प्रयागराज का नया कमिश्नर बनाया गया है। वहीं मनीष चौहान को आजमगढ़ मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।

उद्योग एवं हथकरघा निदेशक/आयुक्त मनीष चौहान को आजमगढ़ मंडल का नया कमिश्नर बनाया गया है। मनीष चौहान पूर्व में आजमगढ़ के जिलाधिकारी का पदभार भी संभाल चुके हैं। मनीष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सचिव भी रह चुके हैं। यूपी में इनकी पहली पोस्टिंग ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट के रूप में इलाहाबाद (प्रयागराज) में हुई। इसके बाद जालौन, गाजीपुर, हमीरपुर, हरदोई, इटावा, आजमगढ़, झांसी, अलीगढ़, बरेली और लखीमपुर खीरी में डीएम रहे। वर्ष 2013 में डेप्यूटेशन पर राजस्थान चले गए। 5 वर्ष बाद 2018 में यूपी वापस लौटे तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन्हें अपने कार्यालय में सचिव के पद पर तैनात किया।

मनीष चौहान राजस्थान में जोधपुर के रहने वाले हैं। प्रारंभिक शिक्षा भरतपुर में होने के बाद मनीष का चयन आईआईटी कानपुर में हुआ। वर्ष 1996 में कंप्यूटर साइंस से बीटेक करने के बाद मनीष ने आईआईएम कोलकाता में प्रवेश लिया। वर्ष 1998 में एमबीए करने के दो वर्ष बाद उनका चयन भारतीय सिविल सेवा में हुआ।

No comments