खुद को गोली मार पुलिस को गुमराह करने वाला तमंचा के साथ गिरफ्तार
आजमगढ़ : कोतवाली पुलिस ने रविवार को मिथ्या साक्ष्य गढ़ने के आरोपित को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सही तथ्य सामने आया तो उसने अपने करतूत को स्वीकार कर लिया। आरोपी ने खुद को गोली मार अपने भतीजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
मऊ जिले भदीड़ निवासी प्रेमचंद मौर्या शहर के निरालानगर आराजीबाग स्थित पैतृक मकान में रहते हैं। वह अपने भाइयों को इसमें हिस्सा नहीं देना चाहते थे। पिता रमाशंकर मौर्या ने चारों भाइयों के नाम मकान को कर दिया। वह उसमें किराएदर रखने की तैयारी में थे, तभी प्रेमचंद्र ने एक रणनीति के तहत अपने बाएं हाथ के कोहनी के ऊपर गोली मार लिया। इसके बाद अपने भतीजे दिव्यांशु, सुधांशु व अन्य तीन अज्ञात व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज करा दिया।
कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि घटना पर पुलिस को संदेह हुआ। घटनास्थल पर गोली चलने की छानबीन की गई। पुलिस की पूछताछ में भेद खुलने लगा। घायल ने बताया कि विपक्षी के साथ जमीनी विवाद है। योजना बनाई कि यदि मैं अपने आप को गोली मारकर घायल कर लूं तथा पढ़ाई कर रहे भतीजे दिव्यांशु व सुधांशु पर आरोप लगा दूं, तो मेरे भाई मुझसे सुलह कर लेंगे। मैं सुलह में अपनी निराला नगर आराजीबाग की जमीन अपने नाम करवा लूंगा। पुलिस ने आरोपी प्रेमचंद को गिरफ्तार करते हुए निशानदेही पर तमंचा व कारतूस बरामद कर लिया।
No comments