मुलायम सिंह यादव के निधन पर निरहुआ ने जताया शोक, कहा- नेता जी ने प्रदेश के लिए जो कुछ किया है उसे भुलाया नहीं जा सकता
आजमगढ़ : भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके जैसा नेता दूसरा नहीं है। आज मुलायम सिंह जी को ही आदर्श मानकर, प्रेरणा स्रोत मानकर हम लोग भी जनता की सेवा कर रहे हैं। बता दें कि मानसून सत्र के बाद से सांसद लगातार किशुनदासपुर में अपनी फिल्म की शूटिंग के साथ ही जनता की समस्याओं का निस्तारण कर रहे हैं।
मंगलवार को सांसद निरहुआ ने कहा कि मुलायम सिंह हम सबके लिए आदरणीय रहे हैं। उन्होंने शरीर जरूर छोड़ा है, लेकिन वह हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के लिए जो कुछ किया है उसे भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों और वंचितों के संघर्ष में लगा दिया। वह कुछ ऐसे नेताओं में से एक हैं जिनका सम्मान सभी दलों के नेता व कार्यकर्ता करता है। जमीन से जुड़े मुलायम सिंह जी का उप नाम शायद इसीलिए धरतीपुत्र पड़ा। एक साधारण परिवार से जुड़े होने के बावजूद संघर्ष करते हुए राजनीति की ऊंचाइयों को उन्होंने छुआ। आज हम सब उनके जाने से दुखी हैं,यह हमारे लिए अपूरणीय क्षति है। 2003 में नेता जी से मिला था, उन्होंने ही मुझे यशभारती सम्मान देने की घोषणा की थी। यह अलग बात है कि अखिलेश यादव की सरकार में वह सम्मान मुझे मिला। देश की राजनीति में उनका कद कितना बड़ा था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हर कोई नेता जी के निधन से स्तब्ध व दुखी है।

No comments