महिला की हत्या का चौंकाने वाला खुलासा, पिता व दो पुत्र गिरफ्तार
आजमगढ़ : तरवां थाना क्षेत्र में शनिवार को भोर में खून से लथपथ एक महिला का शव मिला था। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए हत्या कर महिला का शव सड़क पर फेंका था। आरोपी का मृतका के साथ अवैध संबंध था, जिसके कारण उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी।
रंजना देवी पत्नी मिन्टू राजभर निवासी करमपुर थाना सैदपुर जनपद गाजीपुर की मां सुनीता देवी उर्फ सुमित्रा पत्नी स्व0 पनधारी निवासी करनेहुवा थाना चन्दवक जनपद जौनपुर करीब 20 वर्षो से ग्राम बनगांव थाना तरवां जनपद आजमगढ़ में रहती थी। बनगांव में रहने वाले रामप्रवेश सिंह पुत्र स्व0 अलगू सिंह के साथ परिचित थी। उसी गांव के रामबचन पुत्र स्व0 बासदेव सिंह के जो अपने ट्यूबेल की रखवाली हेतु मृतका सुनीता उर्फ सुमित्रा व शिवम सिंह पुत्र रामप्रवेश निवासी बनगांव थाना तरवां को दिये थे। शुक्रवार की रात्रि में सुनीता देवी उर्फ सुमित्रा खेत में पानी भरने जाने गयी। इसी दौरान रामप्रवेश सिंह ने सुनीता को बहला फुसलाकर सड़क के किनारे ले जाकर मार पीटकर हत्या कर दी। इस सम्बन्ध में सुनीता की पुत्री रंजना ने शनिवार को राम प्रवेश सिंह पुत्र स्व0 अलगू सिंह के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया था। बाद में विवेचना के दौरान उपरोक्त मामले में शिवम सिंह व सुन्दरम सिंह पुत्रगण रामप्रवेश सिंह निवासी ग्राम बनगाँव थाना तरवां का नाम प्रकाश में एवं जुर्म धारा-201 भादवि का साक्ष्य पाया गया।
पिता व दो पुत्र गिरफ्तार
एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने बताया कि सोमवार को तरवां थानाध्यक्ष रामप्रसाद बिन्द मय हमराहीयान द्वारा मुकदमा उपरोक्त में प्रकाश में आये अभियुक्त राम प्रवेश सिंह, शिवम सिंह एवं सुन्दरम सिंह को उमरी बनगाँव मोड़ से हिरासत में ले लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त एक पत्थर का टुकड़ा, मृतका का एक मोबाइल, एक जोड़ी हवाई चप्पल तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटर साईकिल बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तो का चालान मा0 न्यायालय किया गया।
मृतका के साथ था अवैध सम्बन्ध
एसपी सिटी ने बताया कि अभियुक्त रामप्रवेश सिंह का मृतका सुनीता से अवैध सम्बन्ध था। इसकी जानकारी होने पर वर्ष 2011 में उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। इसी के कारण रामप्रवेश सिंह शुक्रवार की रात्रि में रामबचन सिंह के ट्यूबेल पर अपने पुत्र शिवम सिंह व सुन्दरम सिंह के साथ मिलकर सुनीता को पत्थर के टुकड़े से सिर पर मारकर हत्या कर दिया। शिवम व सुन्दरम ने शव को मोटरसाइकिल से कुछ दूरी पर ले जाकर सड़क पर फेंक दिये थे। जिससे हत्या की घटना को आसानी से सड़क दुर्घटना का रुप दिया जा सके।

No comments