आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्यवाई : दिनदहाड़े के अपहरण के तीन आरोपी मुठभेड़ में घायल
आजमगढ़ : बिलरियागंज निवासी युवक के निजामाबाद क्षेत्र से अपहरण के तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। तीनों को इलाज के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों के पास से अवैध असलहे व कारतूस आदि बरामद किए गए है। तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बिलरियागंज थाना के गुलवां गांव निवासिनी सन्नो उर्फ शहनाज पत्नी हफीज का मायका निजामाबाद के चकिया हुसैनाबाद गांव में है। वह रविवार को दिन में बिलरियागंज के नसीपुर निवासी तैयब पुत्र झिनकू की इनोवा कार बुक कर अपने मायके आयी थी। तैयब अपनी कार में ही बैठा था कि इसी दौरान चार पहिया सवार आधा दर्जन लोग पहुंचे और तैयब को उसकी कार से निकाल कर अपनी गाड़ी बैठा कर अपहृत कर ले गए। जानकारी होने पर तैयब के पिता झिनकू ग्राम प्रधान आदि के साथ निजामाबाद थाने पर पहुंचे और अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। दो दिनों तक पुलिस मामले को दबाए रखी। इसके बाद एसपी तक शिकायत पहुंची तो मंगलवार को मुकदमा दर्ज हुआ। तैयब के पिता ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया था तो वहीं अन्य की तलाश में जुटी थी।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि निजामाबाद क्षेत्र के नसीरपुर गांव में 17 सितंबर को एक युवक का अपहरण कर फिरौती की मांग की जा रही थी। इस मामले में निजामाबाद थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही थी। इस मुकदमे में वांछित चल रहे चार अपराधियों पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। निजामाबाद थाने की पुलिस शुक्रवार की भोर में असीलपुर पुलिया के समीप घेराबंदी कर खड़ी थी। तभी अपहरण के मुकदमे में वांछित चल रहे दो अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें रामाशीष यादव 25 निवासी सिवान कुढवा थाना रौनापार व शिवम यादव 20 निवासी महुला डाढ़ी थाना रौनापार पुलिस की गोली से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनो निजामाबाद से युवक के अपहरण के मामले में आरोपी थे। वहीं इस घटना में शामिल रहे एक अन्य आरोपी मो. फैजल को रौनापार पुलिस ने मठिया गांव के पास से मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। इसे भी जिला अस्पताल में भेजा गया है। तीनों के पास से पुलिस ने अवैध असलहे व कारतूस आदि बरामद किया है। वहीं युवक के अपहरण के मामले में निजामाबाद थाना पुलिस ने गाड़ी बुक कराने वाली महिला सन्नो उर्फ शहनाज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

No comments