महिला की हत्या मामले में चौकी प्रभारी निलंबित, पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ : रौनापार थाना क्षेत्र के पांडेय का पुरा लख्मी रोहुवार गांव के पास सोमवार को दिन में महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी महुला को निलंबित कर दिया है। मृतका के पति की तहरीर पर पांच के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
लख्मी रोहुवार पांडेय का पुरा गांव में दो पक्षों के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था। चार-पांच दिन पूर्व भी विवाद हुआ था और मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। जिसमें पुलिस ने दोनों पक्षों के चार-पांच लोगों का 151 में चालान कर दिया था। इसके बाद सोमवार को दिन में एक पक्ष की शीला अपने पति अभिमन्यु के साथ लाटघाट बाजार से घर जा रही थी। रास्ते में रोक कर विपक्षियों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पति तो सड़क किनारे स्थित गड्ढे में गिर गया, जिससे वह बच गया लेकिन शीला के पेट, सिर व पैर में कई जगहों पर हमलावरों ने वार किया। जिससे उसकी मौत हो गई।
इस मामले में अभिमन्यु की तहरीर पर पुलिस ने पांच के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। नामजद किए गए लोगों में स्वामीनाथ, अतुल, विपुल, विवेक व मुस्कान शामिल है। इसमें दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की कवायद में जुटी है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने तीन टीम लगाया है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आबादी की जमीन के विवाद को लेकर महिला की हत्या की गई है। तहरीर के आधार पर पांच के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जिसमें मुख्य आरोपी समेत दो को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर टीम गठित कर दी गई है। सीओ की जांच में चौकी प्रभारी महुला के लापरवाही की बात सामने आई है, जिस पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

No comments