नव विवाहिता की हत्या कर घर में दफनाया शव, पति और ससुर फरार
आजमगढ़ : महाराजगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को पति और ससुर ने मिलकर नव विवाहिता की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को घर में दफनाकर फरार हो गए। पड़ोसियों को संदेह हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर शुक्रवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महराजगंज थाना क्षेत्र के आराजी जजमन जोत गांव में गुरुवार को किसी बात से नाराज होकर नवविवाहिता अनीता (19) की उसके पति सूरज और ससुर गुलाब गोंड ने लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने उसके शव को घर के अंदर ही गड्ढ़ा खोदकर दफन कर दिया। इसके बाद दोनों घर में ताला बंद कर फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह घर में ताला बंद देख ग्रामीणों को कुछ शक हुआ तो पुलिस को फोन के जरिए इसकी सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घर का ताला तुड़वाया। इसके बाद घर में दफन किए गए स्थान से विवाहित के शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का मायका रौनापार थाना क्षेत्र के नई बस्ती में हैं। सूचना मिलते ही मौके पर मायके वाले भी पहुंच गए लेकिन कोई भी कुछ बता नहीं रहा है। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
अनीता के भाई हरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने उसके ससुर गुलाब और पति सूरज पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। हरेंद्र ने बताया कि दहेज में बाइक की मांग को लेकर अक्सर मेरी बहन को प्रताड़ित किया जाता था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उनकी मांग पूरी नहीं की जा सकती थी।
No comments