Breaking Reports

पशुओं से लदे एक ट्रक को पुलिस ने पकड़ा, मृत पशुओं के शव को कराया दफन


आजमगढ़ : जीयनपुर कस्बे में पुलिस ने रविवार को पशुओं से लदे एक ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से 27 पशु बरामद हुए। इनमें से 11 की मौत हो चुकी थी। ट्रक चालक और खलासी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को सीज करते हुए अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मृत पशुओं के शव को पुलिस ने दफन कराया। जिंदा मिले मवेशियों को पशु आश्रय स्थल पर भेजा गया।

जीयनपुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की एक ट्रक आजमगढ़ से गोरखपुर की तरफ जा रही है। जिसमें मवेशी ठूंस-ठूंस कर भरे हैं। सूचना पर पुलिस टीम सक्रिय हो गई। जीयनपुर कस्बा में मुबारकपुर तिराहे के पास चेकिंग शुरू हुई। इस दौरान गोरखपुर की तरफ से आ रहा ट्रक पुलिस को देखते ही रुक गया। पुलिस दौड़ी तो चालक और खलासी ट्रक से कूदकर फरार हो गए। पुलिस ने तलाशी ली, तो उसमें कुल 27 संरक्षित पशु लदे मिले। इनमें से 11  मृत हाल में पड़े थे। 
पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा करवा कर मृत मवेशियों को दफन कराया और जिंदा बचे पशुओं को गौ आश्रय स्थल भिजवाया। पुलिस चालक और खलासी की तलाश में जुटी है। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मृत पशुओ का पोस्टमार्टम करने के बाद शव को दफन कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।

No comments