किशोर की चाकू मारकर हत्या, इस हाल में मिला शव
आजमगढ़ : कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव में शुक्रवार की सुबह एक किशोर का शव मिला, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। मृतक बृहस्पतिवार की देर शाम गांव में आयोजित बहूभोज में शामिल होने के लिए घर से निकला था। परिजनों का आरोप है कि किशोर की चाकू मारकर हत्या की गई है। ब्राउन टी-शर्ट से उसके हाथ बंधे थे। गले, पेट और हाथ पर चाकू के निशान बने थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, गौरा गांव निवासी फहद बृहस्पतिवार की रात बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रात में वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह 10 बजे परिजनों ने कप्तानगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ ही घंटे बाद दोपहर 12 बजे ग्रामीणों ने फहद का शव भट्ठे के पास देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सिटी शैलेंद्र लाल, फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि फहद की चाकू मारकर हत्या की गई है। उसका हाथ बंधा था। शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी हैं।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि किशोर के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। चार टीमें गठित की गई हैं, जो हत्या के कारणों और दोषियों का पता लगाएंगी। उन्होंने कहा कि मुकदमा दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
No comments