अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में अपने नवनिर्मित घर का नाम 'PDA भवन' ही क्यों रखा...?, जानिए !
आजमगढ़ : समाजवादी पार्टी का जिले अनवरगंज में नव-निर्मित भवन व पार्टी कार्यालय 'PDA भवन' कहलाएगा। गुरुवार को अखिलेश यादव ने इस बात की घोषणा की। अखिलेश यादव ने विधिवत रूप से भवन का उद्घाटन किया। इस दौरान सपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
उद्घाटन के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए वही है जिसे हम सब बहुजन समाज कहते थे। पीडीए पीड़ित, दुःखी अपमानित लोगों को एक साथ लाने का नारा है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में नये पार्टी कार्यालय के नाम को लेकर बहुत सुझाव आये है। आज हम इस भवन का नाम 'पीडीए भवन' रखते हैं। यह भवन 'पीडीए भवन' के नाम से जाना जाएगा, क्योंकि पीडीए एकता हमारी ताकत है। पीडीए एकता सरकार बनाएंगी और सामाजिक न्याय का रास्ता खोलेगी।
भाजपा के लोग पीडीए की एकता से घबराये हुए है। उनका व्यवहार भाषा और बोली बदल गयी है। भाजपा से सावधान रहना है। ये षडयंत्रकारी है। पीडीए को अपमानित करते हैं। विकसित भारत का सपना दिखाने वालों के लोग गरीबों के साथ किस तरह का व्यवहार करके अपमानित कर रहे है, इटावा में सभी ने देखा है कि कथावाचकों को अपमानित किया गया। भाजपा के लोग संविधान के रास्ते पर नहीं चलते है।
सपा प्रमुख ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की ताकत और पीडीए की रणनीति ने दोनों दलों को उत्तर प्रदेश में नम्बर एक पर पहुंचा दिया। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत स्थिति में है।लोकसभा चुनाव में पीडीए की ताकत से आजमगढ़ के आसपास की सभी सीटे समाजवादी पार्टी जीत गयी। उत्तर प्रदेश का इतिहास है जो लोकसभा चुनाव जीतता है वहीं विधानसभा चुनाव जीतता है। जो लोकसभा में रिकार्ड बनाता है वही विधानसभा में भी रिकार्ड बनाता है।
No comments