बी.पी. मंडल जयंती पर सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, आरक्षण बचाने की उठाई मांग
आज़मगढ़ : समाजवादी पार्टी कार्यालय में सामाजिक न्याय के प्रणेता और पिछड़ों को 27% आरक्षण दिलाने वाले बी.पी. मंडल की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि मंडल साहब ने पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी और उन्हें संविधानसम्मत हक दिलाया। उन्होंने याद दिलाया कि 1989 में मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश में सबसे पहले आरक्षण लागू किया था।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, उन्होंने यूरिया खाद की कालाबाजारी, बाढ़ की समस्या और नहरों में पानी के अभाव जैसे मुद्दों पर राज्यपाल को जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
बैठक में पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह उर्फ सोनू और उसके साथियों पर दो युवकों को बंधक बनाकर पिटाई करने का आरोप लगाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि योगी सरकार में दबंग और सामंती प्रवृत्ति के लोग खुलेआम पिछड़े, दलित और मुसलमानों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने एसएसपी आज़मगढ़ से सख्त कार्यवाही की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की और संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। इस मौके पर पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, जयराम सिंह पटेल, सिकंदर यादव, पूजा सरोज, डॉ. एच.एन. सिंह पटेल, आलमबदी आज़मी समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments