Breaking Reports

दहेज में क्रेटा कार न मिलने पर नवविवाहिता के साथ किया उत्पीड़न, दुष्कर्म के प्रयास और ब्लैकमेलिंग, थाने पहुंची नई दुल्‍हन



आजमगढ़ : जिले के सिधारी थाना क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना, मारपीट, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2025 को मऊ जनपद के मुहम्मदाबाद क्षेत्र में हुई थी। विवाह में उसके पिता ने दहेज में 15 लाख रुपये नकद, 10 लाख के गहने, शादी का सारा सामान और एक बाइक दिया था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले और दहेज की मांग करने लगे। विरोध करने पर पति सहित ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। उसकी छोटी कद-काठी और दाहिने हाथ में पोलियो होने का हवाला देकर ससुराल वाले दहेज में क्रेटा कार मांग रहे थे। जब उसने यह मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो पति और ससुराल वालों ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति की मौजूदगी में उसके साथ एक रिश्तेदार ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और पति को बताने के बाद ससुराल वालों ने खाना-पानी बंद कर दिया। इसके साथ ही पीड़िता ने बताया कि ननद ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर उक्त रिश्तेदार को प्रसारित करने के लिए दे दिया।

18 अगस्त 2025 को पीड़िता ने 1090 हेल्पलाइन पर कॉल कर पुलिस बुलाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ससुराल वालों को सिर्फ चेतावनी देकर चली गई। पुलिस के जाने के बाद ससुराल वालों ने मुंह में कपड़ा ठूंस कर बुरी तरह मारा पीटा। पीड़िता का आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया। थाना प्रभारी हिरेंद्र कुमार ने बताया की मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

No comments