बिना लाइसेंस चल रहा हुक्का बार सील, संचालक गिरफ्तार
आजमगढ़ : थाना देवगांव पुलिस ने लालगंज क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में छापा मारकर एक अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन हुक्के और अन्य उपकरण बरामद करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
लालगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुभाष तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि टीकरगढ़ चौराहे से भीरा रोड पर स्थित फ्रेंड्स प्वाइंट कैफे में अवैध हुक्का बार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैफे पर छापा मारा। वहां एक कमरे से धुआं निकलता देख पुलिस अंदर दाखिल हुई, जहां दो मेजों पर तीन हुक्के रखे मिले। संचालक विकास चौरसिया 19 वर्ष, निवासी कटघर लालगंज भागने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में विकास ने बताया कि वह रोज़गार के लिए ग्राहकों को हुक्का पिलाता है, लेकिन लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस ने उसे धारा 271 बीएनएस और 4/25 सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के तहत गिरफ्तार किया। चूंकि यह जमानतीय अपराध था, अभियुक्त को उसके पिता प्रवेश चौरसिया और चाचा प्रमोद चौरसिया द्वारा जमानत मुचलका भरने के बाद मौके पर ही रिहा कर दिया गया। कैफे के उस कमरे को सील कर दिया गया जहां अवैध हुक्का बार संचालित हो रहा था।
थाना देवगांव में मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने का स्पष्ट संदेश गया है।
No comments