अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार शातिर अपराधी गिरफ्तार, पांच चोरी की बाइकें बरामद
आजमगढ़ : जनपद की फूलपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, और ₹360 नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तारी जगदीशपुर गिट्टी प्लांट के पास स्थित झाड़ियों से की गई, जहां ये अपराधी चोरी की बाइकें बेचने की फिराक में जुटे हुए थे। गिरफ्तार अपराधियों में आशुतोष तिवारी उर्फ आज़ाद तिवारी (24 वर्ष), प्रिंस तिवारी (20 वर्ष), अफसर अहमद (37 वर्ष) एवं मोहम्मद कामरान (23 वर्ष) हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे। पहले बाइक चोरी करने से पहले रेकी करते, फिर चोरी के बाद नंबर प्लेट और चेसिस नंबर मिटाकर गाड़ियों की पहचान बदल देते और उन्हें सस्ते दामों पर बेच देते थे। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने एक फरार साथी आदर्श तिवारी (वाराणसी निवासी) का भी नाम लिया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

No comments