Breaking Reports

शरारती तत्वों ने थार में लगाई आग, फॉर्च्यूनर भी चपेट में, CCTV में दो युवक कैद



आजमगढ़ : जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सगड़ी गांव में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। रात करीब 2 बजे दो अज्ञात शरारती तत्वों ने घर के सामने खड़ी थार कार में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि पास में खड़ी फॉर्च्यूनर भी उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। CCTV फुटेज में दो युवक आग लगाने के बाद भागते हुए नजर आए हैं, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।

सगड़ी गांव निवासी सलीम अहमद ने बताया कि वर्ष 2022 में मोहम्मद शारिब के नाम पर थार गाड़ी खरीदी गई थी। रोज़ की तरह मंगलवार रात को थार और उसके पास फॉर्च्यूनर गाड़ी दरवाजे के सामने खड़ी थी। रात करीब 2 बजे दो युवक आए और थार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटें उठने लगीं तो परिवार को इसकी जानकारी हुई। जब तक आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, थार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। पास में खड़ी फॉर्च्यूनर को किसी तरह हटा लिया गया, लेकिन फिर भी उसे आंशिक रूप से नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी रात में ही फायर ब्रिगेड और पुलिस को दे दी गई, लेकिन फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर CCTV फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में दो युवक आग लगाने के बाद मौके से भागते नजर आए हैं।

पीड़ित सलीम अहमद ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अन्य CCTV फुटेज और गवाहों के माध्यम से आरोपियों की पहचान में जुट गई है।

No comments