Breaking Reports

ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा बैठा: ढाला मैजिक को मारी टक्कर, दुकान की दीवार तोड़ी, दो गंभीर घायल



आजमगढ़ : देवगांव कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गोसाईगंज बाजार में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने भीषण हादसे को अंजाम दिया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोसाईगंज बाजार निवासी गुफरान अहमद (55 वर्ष) अपने दामाद को स्कॉर्पियो चलाना सिखा रहे थे। जैसे ही स्कॉर्पियो देवगांव की ओर से बाजार में पहुंची, तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया। बताया जा रहा है कि चालक ने ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे वाहन बेकाबू हो गया।

बेकाबू स्कॉर्पियो ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी पानी की सप्लाई करने वाली ढाला मैजिक को टक्कर मार दी। इस टक्कर में मैजिक चालक दिवेश राय (42 वर्ष) और पानी सप्लाई कर्मी गनेश उर्फ छग्गन (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो बगल में स्थित ममता राय की आटा चक्की की दुकान की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। दुकान में उस समय ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घायलों को 100 बेड के जिला अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। वहीं हादसे के तुरंत बाद गुफरान अहमद और उनका दामाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

No comments