Breaking Reports

जेल में ड्यूटी के दौरान महिला होमगार्ड की तबीयत बिगड़ने से मौत



आजमगढ़ : जिले के मंडलीय कारागार में तैनात महिला होमगार्ड की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। यह दुखद घटना उस समय हुई जब होमगार्ड अपनी नियमित ड्यूटी पर महिला बैरक में तैनात थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान महिला होमगार्ड पूजा भारती की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें चक्कर आने लगे और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। साथ में ड्यूटी कर रहीं महिला जेल वार्डन प्रीति कुमारी और प्रतिभा शुक्ला ने तुरंत इस घटना की जानकारी जेल प्रशासन को दी।

सूचना मिलने पर फार्मासिस्ट सुरेश चंद्र बर्मा और करपाल मौके पर पहुंचे और देखा कि पूजा बेहोशी की हालत में थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेल के डॉक्टर देव प्रभाकर यादव को बुलवाया गया। प्राथमिक जांच के बाद पूजा को तत्काल सरकारी एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, उनके साथ फार्मासिस्ट और दो जेल स्टाफ भी मौजूद थे।

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला होमगार्ड की मौत की खबर मिलते ही जेल प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई। जेल अधिकारियों ने इस घटना की जानकारी आजमगढ़ होमगार्ड कमांडेंट और मृतका के परिजनों को दे दी है।

No comments