Breaking Reports

पिता ने रेस्टोरेंट में बेटी और प्रेमी पर चलाई गोली, किशोरी की मौत



आजमगढ़ : देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज बाइपास स्थित एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक पिता ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए दोनों को अस्पताल भिजवाया। जहां दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना में किशोरी की मौत हो गई जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी मुताबिक मसीरपुर गांव निवासी आदित्य सिंह (20) और पकड़ी खुर्द गांव निवासी किशोरी शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे लालगंज बाइपास स्थित एक रेस्टोरेंट में गए थे। इसी दौरान अक्षरा सिंह के पिता नीरज सिंह भी पहुंच गए। पिता-पुत्री में कुछ देर कहासुनी हुई। तभी अचानक पिता ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और बेटी और उसके प्रेमी को गोली मार दी। इसके बाद वह वहां से निकल गया। 

वहां मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। मौके पर पुलिस पहुंच गई। इसके बाद उन्हें तत्काल संयुक्त 100 सैया अस्पताल लालगंज ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने दोनों को वाराणसी हायर सेंटर रेफर कर दिया।

लड़की की मौत हो गई जबकि आदित्य की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के पिता ने ही दोनों पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलाई। इलाज के दौरान वाराणसी में डॉक्टरों ने छात्रा अक्षरा सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदित्य का इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

No comments