Breaking Reports

7 वर्षीय बालिका को 4 घंटे में सकुशल बरामद करने वाली पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने किया सम्मानित



आजमगढ़ : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा एक सराहनीय कार्यवाही को अंजाम दिया गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति चिराग जैन, तथा क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में थाना गंभीरपुर की पुलिस टीम ने गुमशुदा 07 वर्षीय बालिका अनन्या, पुत्री अरविन्द, निवासी ग्राम लालगंज, थाना देवगांव को केवल 04 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर मिसाल पेश की।

इस सफल ऑपरेशन में उप निरीक्षक चन्द्रप्रकाश कश्यप एवं महिला आरक्षी सुषमा सरोज की विशेष भूमिका रही। बरामदगी के पश्चात आवश्यक विधिक औपचारिकताओं को पूर्ण कर बच्ची को उसके चाचा अर्जुन पुत्र स्व. हरिकुल, निवासी ग्राम लालगंज, थाना देवगांव, के सुपुर्द किया गया।

इसी अभियान की कड़ी में थाना कन्धरापुर की महिला आरक्षी वंदना पाण्डेय द्वारा भंवरनाथ मंदिर परिसर में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं व बालिकाओं को मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्पलाइन नंबरों, महिला संबंधी कानूनों, सरकारी योजनाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के विषय में जागरूक किया गया।

इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महिला बीट पुलिस अधिकारी/कर्मचारी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

आजमगढ़ पुलिस मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ कार्य करती रहेगी।

No comments