Breaking Reports

दीपावली पर मूर्ति स्थापना को लेकर शेरवा गांव में विवाद, 11 लोग गिरफ्तार



आजमगढ़ : दीपावली के शुभ अवसर पर जिले के सरायमीर क्षेत्र के ग्राम शेरवा में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापना को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। शनिवार को हुए इस घटनाक्रम में कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, शेरवा गांव में दीपावली के अवसर पर मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापना को लेकर दो गुटों के बीच मतभेद उत्पन्न हो गया। धीरे-धीरे यह कहासुनी बढ़ती गई और स्थिति बिगड़ने लगी। मामले की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार व आरक्षी सागर सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत करने का प्रयास किया।

हालांकि, दोनों ही गुट अपनी-अपनी जिद पर अड़े रहे और एक-दूसरे से उलझते रहे। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने शांति भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए कार्रवाई की और दोनों पक्षों के कुल 11 लोगों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने प्रथम पक्ष से: महेंद्र सोनकर, सुरेश सोनकर, संदीप सोनकर, दिलीप सोनकर, दीपक सोनकर, शक्ति सोनकर, मनोज सोनकर तथा द्वितीय पक्ष से राजकुमार, फुन्नन लाल, जयप्रकाश, मजेलाल को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी निहार नंदन ने बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपी सरायमीर थाना क्षेत्र के शेरवा पूरवा गांव के निवासी हैं। आरोपियों को थाने लाकर नियमानुसार जामा तलाशी ली गई, लेकिन किसी के पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

No comments